कांकेर की नक्सली घटना का जवाब देगी सरकार : राजनाथ स‍िंंह

0

(DJ)

छत्तीसगढ़ के कांकेर में नक्सलवादियों से हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल के चार जवानों के शहीद होने पर दुख जताते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि घटना का जवाब दिया जाएगा। आज नक्सलवाद सात जिलों में ही सिमट कर रह गया है और जल्द ही इन जिलों में सक्रिय नक्सलवादी गतिविधियों को भी खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक समय 126 जिलों में नक्सलवाद सक्रिय था और हजारों लोग नक्सलवाद का शिकार हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि अपने देश में छिपे दुश्मनों से निपटना जरूरी है। देश के सुरक्षाबलों ने पाक में संचालित हो रहे भारत विरोधी आतंकी शिविरों को भी जमींदोज करने का साहस दिखाया है तो देश में सक्रिय ऐसी शक्तियों से भी निपटा जाएगा। आज देश के दस लाख सुरक्षा बलों की वजह से ही हम आप सुरक्षित हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ के कांकेर जैसी घटनाएं मन विचलित कर देती हैं। हालांकि सुरक्षा बलों ने नक्सलवादियों को मार गिराया। उन्होंने बीएसएफ के डीजी से घटना की पूरी रिपोर्ट मांगी है।

लखनऊ व्यापार मंडल की तरफ से अटल कंवेंशन सेंटर में व्यापारिक सम्मेलन और होली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि गृहमंत्री ने कांग्रेस के घोषणा पत्र भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि देशद्रोह को अपराध न मानने की बात कांग्रेस के घोषणा में है। देश को बांटने वाले, देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने वालों को राहत देने की तैयारी कांग्रेस कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र से राष्ट्रवाद में विश्वास रखने वालों को धक्का लगा है और देशद्रोहियों से मुकाबला करने वाले सुरक्षा बलों का भी मनोबल गिरा है।

Share.

About Author

Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com