केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती का गंगा निरीक्षण अभियान शुरू

0

केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास व गंगा संरक्षण मंत्री सुश्री उमा भारती ने नमामि गंगे परियोजनाओं का निरीक्षण करने के लिए गंगा निरीक्षण अभियान के पहले चरण में आज कोलकाता के निकट बैरकपुर स्‍थित केंद्रीय अंतर्देशीय मत्‍स्‍य पालन अनुसंधान संस्‍थान का दौरा किया। इस संस्‍थान में गंगा में मत्‍स्‍य पालन को लेकर विशेष अनुसंधान होता है। सुश्री भारती अपने 15 दिनों की यात्रा के दौरान गंगा सागर से लेकर गंगोत्री तक गंगा किनारे स्‍थित विभिन्‍न स्‍थानों पर स्‍वयं जाकर नमामि गंगे परियोजना की प्रगति की समीक्षा करेंगी। सुश्री भारती लगभग ढ़ाई हजार किलोमीटर की अपनी यात्रा के दौरान काकद्वीप, गंगासागर, कपिलमुनि आश्रम, नबद्वीप, मुर्शीदाबाद, फरक्‍का, सुल्‍तानगंज (भागलपुर), मुंगेर, पटना, आरा, बक्‍सर, वाराणसी, इलाहाबाद, श्रृंगवेरपुर, फतेहपुर, कानपुर, फतेहगढ़, कासगंज, नरोरा, भृगु आश्रम,ब्रजघाट, विदुरकुटी, हरिद्वार, उत्‍तर काशी होते हुए गंगोत्री तक जाएंगी।

सुश्री भारती नदी, सड़क, रेल, हवाई और पैदल मार्ग से इस यात्रा को पूरा करेंगी। अपनी इस यात्रा के दौरान वे कोसीपुर घाट,कपिलमुनि आश्रम (गंगासागर), गांधी घाट (बैरकपुर), डायमंड हार्बर, हुगली, नबद्वीप, मुर्शीदाबाद, सुल्‍तानगंज (भागलपुर), मुंगेर, आरा,बक्‍सर, श्रृंगवेरपुर, इलाहाबाद, फतेहगढ़, कासगंज, भृगुआश्रम, विदुर कुटी और गंगोत्री में आयोजित गंगा चौपाल में भी भाग लेंगी। गंगा चौपाल में मंत्री महोदया नमामि गंगा परियोजना से जुड़े विभिन्‍न हितधारकों के साथ नमामि गंगे परियोजना को सफल बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगी। इनमें सरकारी, गैर – सरकारी संगठन, स्‍वयं सेवी संस्‍थाएं और स्‍थानीय निवासी शामिल होंगे।

Share.

About Author

Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com