अमित शाह बोले, सरकार ने हमारा सिर नीचे नहीं होने दिया

0

(DJ)

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने बीते साढे़ तीन साल में ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे हमे सिर नीचे करके चलना पड़े। सरकार ने भ्रष्टाचार व कालेधन के खिलाफ अभियान चलाया जिससे देश इमानदारी के रास्ते पर है।

रविवार को वह उत्तर गुजरात के बनासकांठा व पाटण में कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। बीते छह दिन में चालीस से अधिक शहरों में 28 हजार से अधिक शक्तिकेंद्र प्रभारियों से मुलाकात कर शाह ने उन्हें रिकार्ड सीटों के साथ गुजरात चुनाव जीतने का पाठ पढ़ाया। अहमदाबाद, गांधीनगर व मेहसाणा के प्रभारियों को शाह ने गांधीनगर टाउन हाल में चुनावी मंत्र दिया।

शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि देश के 18 राज्यों में आज भाजपा सत्ता में है। करीब 11 करोड़ सदस्यों के साथ भाजपा दुनिया की सबसे बडी पार्टी बन गई है। भाजपा अध्यक्ष शाह बीते एक सप्ताह से गुजरात के विविध शहरों के दौरे कर बूथ प्रभारियों व पार्टी कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। छह दिन में वह चालीस शहरों में घूमकर 28 हजार 640 बूथ प्रभारियों से मिल चुके हैं। भाजपा ने इन्हें शक्तिकेंद्र प्रभारी नाम दिया है।

उधर, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि विकास नहीं कांग्रेस पागल हो गई है। प्रदेश भाजपा के महासंपर्क अभियान के तहत अहमदाबाद में घर-घर जाकर उन्होंने लोगों से संपर्क किया व पीएम मोदी का संदेश पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पिछले 22 साल में सत्ता के दलाल खत्म हो गए। गुजरात शांति, अमन चैन वाला राज्य बन गया।

Share.

About Author

Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com