परफॉरमेंस के आधार पर होगा उत्तर प्रदेश कैबिनेट में फेरबदल

0

(AU)

योगी आदित्यनाथ की अगुआई वाली प्रदेश सरकार में बड़े पैमाने पर बदलाव की सुगबुगाहट है। कैबिनेट से कई मंत्रियों की छुट्टी होगी और कुछ के विभाग बदले जाएंगे। तीन-चार मंत्री प्रोन्नत हो सकते हैं। वहीं, नए लोगों को सरकार में काम करने का मौका मिलेगा। योगी सरकार में अभी 43 मंत्री हैं। लोकसभा चुनाव जीतने वाले तीन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, डॉ. एसपी सिंह बघेल और सत्यदेव पचौरी ने इसी महीने इस्तीफा दिया है। इससे पहले दिव्यांगजन कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर को मंत्री पद से हटाया जा चुका है। निर्धारित मानक के अनुसार सरकार में मुख्यमंत्री समेत 60 मंत्री रह सकते हैं। ऐसे में 17 मंत्री शामिल करने की गुंजाइश अभी बची हुई है।

कैबिनेट में सभी पद तो नहीं भरे जाएंगे, लेकिन माना जा रहा है कि 10 से 12 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार कई मौजूदा मंत्रियों को हटाने की तैयारी है। इसका आधार उनकी परफॉरमेंस रहेगी। वहीं, कुछ मंत्रियों को सरकार से हटाकर संगठन की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। संभावना है कि मंत्रियों के विभागों में भी बड़े स्तर पर फेरबदल किया जाएगा। नए विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। दो-तीन मौजूदा मंत्री प्रोन्नत हो सकते हैं। काबीना के फेरबदल में अधिकतर नए मंत्री राज्यमंत्री स्तर के होंगे। दो-तीन नए मंत्री स्वतंत्र प्रभार या कैबिनेट स्तर के भी हो सकते हैं। मंत्रिपरिषद का विस्तार विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

Share.

About Author

Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com