योगी के सामने विधानसभा चुनाव लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं

0

(DJ)

सांसद रहते हुए मुख्यमंत्री चुने गए योगी आदित्यनाथ विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। सिर्फ वही नहीं, उनके दोनों उप मुख्यमंत्रियों समेत मंत्रिमंडल के दो अन्य सदस्यों को भी विधायकी के चुनाव में उतरना पड़ेगा। इन सबके लिए छह माह के भीतर विधानसभा या विधान परिषद की सदस्यता हासिल करना अनिवार्य है और फिलहाल चुनाव के अलावा अन्य विकल्प नहीं दिखाई दे रहे। योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से चार बार सांसद रह चुके हैं और यह पहला मौका होगा जबकि वह विधानसभा चुनाव से रूबरू होंगे। अब तक वह अपने लोगों को ही विधानसभा चुनाव लड़ाते रहे हैं। उनके लिए कई विधायकों ने अपनी सीट छोडऩे की पेशकश भी की है। इसी तरह उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा भी पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरेंगे। हालांकि वह महापौर का चुनाव लड़ते रहे हैं। उनके लिए भी कई विधायकों ने सीट छोडऩे की कोशिश की है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को अलबत्ता चुनाव का अनुभव है।

पिछली विधानसभा चुनाव में वह कौशांबी के सिराथू क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। बाद में सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने विधायकी से इस्तीफा दे दिया था। इस बार भी संभावना यही है कि वह अपनी पुरानी सीट से ही चुनाव लड़ेंगें, हालांकि उनके लिए भी कई विधायक अपनी सीट छोडऩे की पेशकश कर चुके हैं। मंत्रियों में स्वतंत्रदेव सिंह और मोहसिन रजा को भी प्रदेश के दोनों सदनों में से किसी एक की सदस्यता की जरूरत होगी।  वैसे इन मंत्रियों में किसी एक को विधानपरिषद में जाने का विकल्प हासिल हो सकता है क्योंकि सपा एमएलसी रहे बनवारी यादव के निधन से उनकी एक सीट रिक्त है।

 

Share.

About Author

Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com