RBI MPC की बैठक अब कल से होगी शुरू

0

(D.J)

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रविवार को भारत रत्न गायिका लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए महाराष्ट्र सरकार द्वारा राज्य में 7 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के कारण मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक को एक दिन के लिए पुनर्निर्धारित करने की घोषणा की। पहले यह बैठक सात से नौ फरवरी 2022 को होनी थी। अब यह बैठक आठ फरवरी को होगी और बैठक के नतीजे 10 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। RBI ने रविवार को देर शाम एक बयान में कहा, ‘‘महाराष्ट्र सरकार के भारत रत्न दिवंगत लता मंगेशकर के सम्मान में सात फरवरी 2022 को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के कारण एमपीसी की बैठक को अब आठ से दस फरवरी 2022 के लिए पुनर्निर्धारित कर दिया गया है।’’ वहीं, एक अलग विज्ञप्ति में आरबीआई ने कहा कि 7 फरवरी, 2022 को सरकारी प्रतिभूतियों (प्राइमरी और सेकेंडरी), विदेशी मुद्रा, मुद्रा बाजार और रुपया ब्याज दर डेरिवेटिव में कोई लेनदेन और निपटान नहीं होगा।

विज्ञप्ति में कहा गया है, “सभी बकाया लेनदेन का निपटान अगले कार्य दिवस यानी 8 फरवरी, 2022 तक के लिए स्थगित कर दिया जाएगा।” चलनिधि समायोजन सुविधा (एलएएफ) फिक्स्ड रेट रिवर्स रेपो और एमएसएफ संचालन के तहत लेनदेन, जिसके लिए दूसरे चरण के निपटान की तारीख 7 फरवरी, 2022 थी, अब अगले कार्य दिवस यानी 8 फरवरी, 2022 को परिपक्व होगी। इसके अलावा, दैनिक एलएएफ फिक्स्ड रेट रिवर्स रेपो और एमएसएफ विंडोज 7 फरवरी, 2022 को हमेशा की तरह उपलब्ध होंगी। बता दें कि रिजर्व बैंक द्वारा अपनी अगली द्विमासिक आर्थिक नीति में प्रमुख नीतिगत दरों पर यथास्थिति बनाए रखने की संभावना है। 2022-23 के लिए केंद्रीय बजट की प्रस्तुति के बाद यह पहली MPC की बैठक होगी।

 

Share.

About Author

Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com